सोनो सरपंच संघ कल मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपेगा

जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट



जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सरपंच संघ का कहना है कि पंचायत राज अधिनियम के तहत जो अधिकार सरपंचों को दिए गए हैं वह महज कागजी साबित हो रहा है, लिहाजा समाधान यात्रा के दौरान सूबे के मुखिया नीतीश कुमार के जमुई पहुंचने पर सरपंच संघ उन्हें मांग पत्र सौंपेगा। संघ के जिलाध्यक्ष विश्वविजय सिंह ने बताया कि 2006 से ही उपेक्षित ग्राम कचहरी को सुदृढ़ व शक्ति प्रदान करने को लेकर मुख्यमंत्री को छह सूत्री मांग पत्र सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों को निर्वाचन के बाद से आज तक मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। मानदेय बढ़ाने की घोषणा भी महज कागजी साबित हुई है। नोटिस तामील कराने हेतु चौकीदार की व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसी स्थिति में न्याय प्रतिनिधि स्वयं नोटिस तामिला कराते हैं। न्याय सचिव व न्याय मित्र का पद वर्षों से रिक्त है।थाना के द्वारा भी कचहरियों को पूर्ण सहयोग नहीं मिलता है। न्याय प्रतिनिधियों को वित्तीय अधिकार दिए जाने की घोषणा भी महज छलावा साबित हुई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उक्त समस्याओं से संघ अवगत करवाएगा साथ ही ग्राम कचहरियों को वार्ड व पंचायत स्तर पर किए गए विकासात्मक कार्यों की समीक्षा करने का अधिकार दिए जाने की मांग भी मुख्यमंत्री से की जाएगी।

Related posts