जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत आज राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देश पर पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान में बेहतर कार्य करने वाले फ्रंटलाइन वर्कर्स को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनो में बुधवार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस बाबत प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक जूही अल्का ने बताया कि 27 फरवरी 2022 से चलाए गए पल्स पोलियो राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पोलियो टीका कर्मी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने का निर्देश था। उक्त आलोक में स्वास्थ्य उप केंद्र रक्तरोहनिया की एएनएम हेलेन मुर्मू, केशोफरका की आशा कार्यकर्ता पद्मावती देवी व सुनीता देवी के साथ जोकटिया की आंगनबाड़ी सेविका पार्वती देवी को बुधवार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शशिभूषण चौधरी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी किरण कुमारी, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ नागेंद्र कुमार सहित स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।

