जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सेवानिवृत्त शिक्षक सह प्राथमिक शिक्षक संघ के राज्य पार्षद सदस्य शंभूनाथ सिंह के निधन पर प्रखंड के शिक्षकों में शोक की लहर छा गई।स्थानीय आदर्श मध्य विद्यालय में गुरुवार को शोकसभा आयोजित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। शोक संवेदना व्यक्त करते हुए प्रधानाध्यापक सुनील कुमार ने कहा कि

शंभूनाथ सिंह वरिष्ठ और अनुभवी शिक्षक नेता थे। वे शिक्षक कल्याण व शिक्षा जगत के लिए सदैव तत्पर रहे। उनके निधन से शिक्षा जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। वहीं प्रधानाध्यापक सोफेन्द्र पासवान ने भी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शंभुनाथ सिंह के शोक संतप्त परिजनों को प्रति अपनी संवेदना व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे एक निर्भीक, समर्पित, कर्मठ,ईमानदार व पूर्ण सादगी पूर्ण शिक्षक थे। शिक्षक और शिक्षक संगठनों के लिए उनके योगदान, त्याग, समर्पण,और लगाव को कभी भुलाया नहीं जा सकता है।वे अंतिम सांस तक शिक्षा और शिक्षकों के हितों के लिए संघर्ष करते रहे। गौरतलब हो कि सोनो निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक शंभूनाथ सिंह(80) का निधन गुरुवार को हो गया।वह बीते कुछ दिनों से बीमार थे और ईलाज के लिए पटना ले जाने के क्रम में ही रास्ते में उनका निधन हो गया। मौके पर प्रधानाध्यापक निरंजन प्रसाद सिंह, एरशाद आलम, लीना कुमारी, पंकज कुमार राम, राकेश कुमार मिश्रा, वशिष्ठनारायण झा, संतोष कुमार मिश्रा, अर्चना कुमारी, कुमारी स्मृति सिंह, नूतनमाला दुबे,अंजली गुप्ता, मुकुल आनंद, मंटू कुमार मांझी, दिलीप कुमार दास सहित बड़ी संख्या में शिक्षक में मौजूद थे।

