जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चरका पत्थर थाना क्षेत्र के केशोफरका पंचायत के घुटवे से गुरुवार देर शाम को एक अधेड़ की लाश बरामद हुई है। मृतक की पहचान केशोफरका पंचायत वार्ड संख्या 6 के वार्ड सदस्य पति अनिल सिंह (50) के रूप में हुई है। लाश घुटवे स्थित निर्माणाधीन साहेब सिंह मंदिर में पड़ी थी। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। उनका कहना है कि मृतक के सिर में गोली लगे होने का निशान है। परिजनों ने बताया कि साहेब सिंह मंदिर के बगल में ही उन्होंने धान का बिचड़ा डाला था। आम दिनों की तरह ही वह उसे देखने गए थे। इसी दौरान बारिश होने लगी। बारिश के बाद ग्रामीणों ने उनकी लाश को मंदिर में देखा व परिजनों को इसकी जानकारी दी। आनन-फानन में परिजन व स्थानीय लोग मंदिर में पहुंचे जहां उनकी लाश पड़ी थी। घटना की सूचना चरकापत्थर पुलिस को दी गई।पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुटी है।