जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बुधवार देर शाम को बिहार सरकार के विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्री सह स्थानीय विधायक सुमित कुमार सिंह प्रखंड के पैरा मटिहाना पंचायत के मटिहाना स्थित जदयू सवर्ण प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष भास्कर सिंह के आवास पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मिले। यहां पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने मंत्री का फूल माला से स्वागत किया। मंत्री ने उनका हालचाल पूछा और उनकी समस्याओं को जाना। बता दें कि कुछ दिन पूर्व भास्कर सिंह के पिता व पूर्व मुखिया शत्रुघ्न सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित समारोह में मंत्री को शामिल होना था पर वह कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाए थे। बुधवार को मंत्री मटिहाना पहुंचे व पूर्व मुखिया की स्मृतियां पर चर्चा कर उन्हें याद व नमन किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुखिया शत्रुघ्न सिंह ने जितने समय तक पंचायत का प्रतिनिधित्व किया था वह विशेष था। नक्सलियों के आगे न झुकने के कारण उनका असमय चला जाना इतने वर्षों के बाद भी पीड़ादायक है। बता दें कि 25 अगस्त 2003 को मुखिया शत्रुघ्न सिंह की हत्या नक्सलियों ने कर दी थी।

