जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड मे बालू उठाव का लगातार विरोध जारी है। प्रखंड के बरनार नदी के सोनो घाट से बालू उठाव के विरोध में किसानों के साथ आमलोग बीते एक सप्ताह से आंदोलन कर रहे हैं तो वहीं अब इस गंभीर समस्या को लेकर प्रखंड के बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि भी मुखर हो गए हैं। आज सिंचाई कालोनी में ग्यारह बजे से प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सह लोहा पंचायत के मुखिया जमादार सिंह के नेतृत्व में बालू उठाव से उत्पन्न स्थिति के निराकरण हेतु रणनीति तय करने के लिए बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक में बड़ी संख्या में बुद्धिजीवियों, किसानों, युवाओं व आम लोगों के शामिल होने की संभावना है। मुखिया जमादार सिंह ने बताया कि विभिन्न बालू घाटों से हो रहे बेतरतीब बालू उठाव के कारण स्थानीय लोग परेशान हैं। बरनार नदी के अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा है तो वहीं आम लोग आए दिन सड़क जाम की समस्या से जूझ रहे हैं।हाईवे पर हमेशा गाड़ियों का ताता लगा रहता है जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं दूसरी और विगत वर्ष हुए बालू उठाव के कारण क्षेत्र में गंभीर पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। सिंचाई की समस्या उत्पन्न हुई, लिहाजा बरनार नदी के तटवर्ती खेत भी बंजर पड़े हैं। किसानों की किसानी चौपट हो गई है,उनके सामने रोजी-रोटी की गंभीर समस्या बनी है। उन्होंने बताया कि आज की बैठक में बालू उठाव के विरोध के लिए आगे की रणनीति तय की जाएगी।