जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत थाना क्षेत्र के छुछुनरिया पंचायत में वर्ष 2010 से जाली प्रमाण पत्र पर नौकरी कर रहे एक शिक्षक को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। शिक्षक चरकापत्थर थाना क्षेत्र के रजौन निवासी महेश दास है। उस पर इंटरमीडिएट के फर्जी प्रमाण पत्र पर शिक्षक बनने का आरोप है। इस बाबत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पुलिस निरीक्षक प्रमोद कुमार ने सोनो थाना में केस दर्ज कराया था। थानाध्यक्ष अब्दुल हलीम ने बताया कि छुछुनरिया पंचायत के प्राथमिक विद्यालय छाताकरम में पदस्थापित शिक्षक महेश दास को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार शिक्षक पर थाना कांड संख्या 203/21 के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पुलिस निरीक्षक सह जांचकर्ता प्रमोद कुमार के आवेदन के आधार पर केस दर्ज किया गया था। आवेदन में बताया गया था कि 2010 में छुछुनरिया पंचायत नियोजन इकाई द्वारा जिस इंटरमीडिएट के प्रमाण पत्र पर महेश दास की नियुक्ति की गई थी, निगरानी जांच में वह प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया है। प्रमाण पत्र झारखंड अधिविध परिषद से निर्गत ही नहीं है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार शिक्षक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।