जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत थाना क्षेत्र के बेलम्बा पंचायत के मंझलाडीह में गुरुवार को एक विवादित भूखंड को ले दो पक्षों में हुई हिंसक झड़प में जमकर लाठी-डंडे चले।
उक्त घटना में दोनों पक्ष से एक दर्जन लोग जख्मी हो गए। इनमें से गंभीर रूप से घायल चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमुई रेफर किया गया है।बताया जाता है कि तीन कट्ठा जमीन को लेकर मंझलाडीह के लक्ष्मण मंडल व धोबी मंडल के बीच विवाद चल रहा था।
इसी विवादित जमीन पर गुरुवार को धोबी मंडल खेत जुताई कर रहा था, जिसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में पहले विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और दोनों ओर से जमकर लाठी डंडा ईंट पत्थर व धारदार धारदार हथियार चलने लगा। घटना में एक पक्ष से निरंजन कुमार (23), लक्ष्मण मंडल (55) , राजेश कुमार(27),
नरेश कुमार(16), बसंत मंडल(46) व नीतीश कुमार (21) घायल हुआ तो दूसरे पक्ष से धोबी मंडल(42), शंकर मंडल(38), इंद्रजीत कुमार(28), कंचन कुमारी (18), सुशीला देवी (35) व सुधीर कुमार(29) भी घायल हुआ। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों पक्ष से चार लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जमुई रेफर किया गया है।