जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
आपदा प्रबंधन विभाग बिहार कैबिनेट की ओर से लिए गए निर्णय के आलोक में आपदा प्रबंधन विभाग के द्वारा सूखाग्रस्त जमुई जिले के प्रत्येक परिवार को ₹3500 आपदा सहायता राशि दी जा रही है। इसके लिए आपदा सम्पूर्ति पोर्टल पर प्रत्येक परिवार का डाटा अपलोड किया जा रहा है।
पर यह योजना इन दिनों सोनो में डाटा एंट्री कार्य से जुड़े कंप्यूटर आपरेटरों के लिए अवैध कमाई का जरिया बन गया है। नजराना लेकर अयोग्य लाभुकों को भी धड़ल्ले से यह राशि दी जा रही है
इतना ही नही एक ही परिवार के कई सदस्यों को राशि दे दी गई है जबकि योग्य लाभुक अभी भी इससे वंचित है। मंगलवार को प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के मुखिया व वार्ड सदस्यों ने आपदा सम्पूर्ति पोर्टल पर डाटा एंट्री में अनियमितता का आरोप लगाते हुए इसके लिए बीडीओ व सीओ को जिम्मेदार ठहराया व हंगामा किया।
प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सह लोहा पंचायत के मुखिया जमादार सिंह ने बताया कि सूखे से जंग लड़ रहे परिवारों को सरकार की ओर से दी जाने वाली ₹3500 की आर्थिक सहायता राशि प्रखंड में लूट खसोट का जरिया बन गया है। मुखिया, वार्ड सदस्य व कर्मचारी द्वारा तैयार की गई पोषक क्षेत्र के योग्य लाभुकों की सूची को दरकिनार कर अयोग्य लाभुकों का डाटा एंट्री कर योजना की राशि का बंदरबांट किया जा रहा है।
डाटा एंट्री के लिए उपलब्ध कराए गए आईडी व पासवर्ड का आपरेटरों व बिचौलियों के द्वारा गलत नाम दर्ज करने में इस्तेमाल किया गया है जिसका परिणाम है कि पैसे लेकर पति पत्नी तक को यह राशि दे दी गई है। मुखिया संघ ने बीडीओ को आवेदन देकर पंचायतों द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची व संपूर्ति पोर्टल पर उपलब्ध कराए गए लाभुकों की सूची पंचायतों को उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि सूखा राहत राशि उपलब्ध कराने में जो भी दोषी हैं उन पर सख्त कार्रवाई की जाए।
मौके पर मुखिया गेना मांझी, भीम रजक, गणेश तूरी,मु ग्याससुद्दीन, अवधेश कुमार सिंह,माइकल भुल्ला, मुखिया प्रतिनिधि दिगंबर पांडेय, अयोध्या मंडल, गुरुदयाल यादव, रोहित यादव, सुनील कुमार दास, आलमगीर अंसारी, अलाउद्दीन अंसारी सहित कई वार्ड सदस्य मौजूद थे। मामले की जानकारी मिली है। इस बाबत कर्मियों को पूर्व में भी आगाह किया गया था। मुखिया संघ में ने भी मामले को उठाया है। जांच कर जो भी दोषी होंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अयोग्य लाभुकों को दी गई राशि की भी सूद समेत वसूली होगी। मु मोइनुद्दीन बीडीओ,सोनो