जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत थाना क्षेत्र के सोनो चरकापत्थर मार्ग पर सुखनर पुल के समीप रविवार देर शाम को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक अनियंत्रित होकर पुल के रेलिंग से टकरा गई। इस दुर्घटना में दो युवक घायल हो गए। घायलों की पहचान महेश्वरी पंचायत के ढोलाजोर के भूदेव सिंह व थम्हन पंचायत के कोनिया के रंजीत सिंह के रूप में हुई है जो रिश्ते में साला-बहनोई हैं और एक शादी समारोह में शामिल होने सोनो बाजार से कोनिया जा रहे थे।घटना के बाद बहनोई की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जमुई रेफर किया गया। बताया जाता है की ढोलाजोर गांव का भूदेव सिंह (38) अपने साला कोनिया गांव के रंजीत सिंह के साथ बाइक से सोनो बाजार आया था और वापस कोनिया लौट रहा था। इसी दौरान सोनो चरकापत्थर मार्ग पर सुखनर पुल के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया और उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पुल पर बने रेलिंग से टकरा गई। इस दुर्घटना में दोनों युवक घायल हो गए। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार व पुलिस जवानों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल युवकों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनो लाया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल भूदेव सिंह को बेहतर इलाज के लिए जमुई रेफर किया गया है।