जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत महज एक सप्ताह के अंदर थाना क्षेत्र में हुई तीन चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक चोर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार चोर पर विभिन्न थाना में एक दर्जन चोरी व डकैती का मुकदमा दर्ज का मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार चोर की पहचान चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के चंद्रमंडी के छोटू पासवान के रूप में हुई है। इस बाबत एसडीपीओ झाझा राजेश कुमार ने बताया कि चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के मानिकपुर गंगटी में बीते 22-23 मई की रात्रि को अज्ञात चोरों ने चार घरों में गृहभेदन कर साड़ी कपड़ा सहित दो लाख मूल्य के सोने का जेवरात चुरा लिया था। इस संबंध में चंद्रमंडी थाना में पीड़ित के द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस अधीक्षक डा शौर्य सुमन के निर्देश पर एसडीपीओ झाझा के नेतृत्व में कांड के उद्भेदन व आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एक छापेमारी दल का गठन किया गया। गुप्त सूचना, तकनीकी अनुसंधान व वीडियो क्लिप के आधार पर छापेमारी दल ने चंद्रमंडी के छोटू पासवान को गिरफ्तार किया। उसके घर से चोरी किया हुआ दो साड़ी व कांड में प्रयुक्त हथियार भी बरामद हुआ। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित ने स्वीकारोक्ति बयान में कुंडा देवघर सहित सोनो थाना क्षेत्र में गृहभेदन व डकैती कांडों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। छोटू ने पुलिस को कांड में शामिल अपने साथी सुरेश पासवान का भी नाम बताया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।इस अभियान में अंचल पुलिस निरीक्षक झाझा प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष चंद्रमंडी ध्रुव कुमार, थानाध्यक्ष सोनो चितरंजन कुमार,प्र पुअनि चंद्रमंडी थाना अर्चना कुमारी व सशस्त्र बल को शामिल थे। गिरफ्तार आरोपित छोटू पासवान डकैती व चोरी के कई वारदातों में शामिल रहा है। उसपर देवघर के कुंडा थाना में आठ मुकदमा दर्ज है तो वही चंद्रमंडी थाना में एक व सोनो थाना में तीन मुकदमा दर्ज है। गौरतलब हो कि थाना क्षेत्र के कंचनपुर डोकली, बलथर व चुरहेत में एक सप्ताह के अंदर तीन घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया और लाखों की परिसंपत्तियों की चोरी कर ली गई। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाया जा रहा था। वही छोटू की गिरफ्तारी के बाद चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की संभावना जताई जा रही है।