आनंद धर्म कांटा ओयरा सड़क दुर्घटना में भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह घायल

जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट

जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार देर रात भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह की बोलेरो सड़क किनारे खड़े बालू लदे एक ट्रक से टकरा गई। घटना एनएच 333 सोनो चकाई मार्ग पर जुगड़ी अभिरामपुर धर्म कांटा के समीप हुई। इस दुर्घटना में जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह घायल हो गए। बताया जाता है कि जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह थाना क्षेत्र के भरतपुर से अपने भतीजे के शादी समारोह में शामिल होकर शुक्रवार देर रात को वापस अपने घर मलयपुर लौट रहे थे। इसी दौरान जुगड़ी धर्म कांटा के समीप उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े बालू लदे एक ट्रक से टकरा गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गैस कटर की मदद से बोलेरो को काटकर अंदर फंसे घायल जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह व उनके ड्राइवर को बाहर निकाला।थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार ने बताया कि घायल कन्हैया सिंह के पैर में चोट लगी थी। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमुई भेजा गया।वहीं भाजपा सोनो मंडल अध्यक्ष संदीप कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में जिलाध्यक्ष का पैर फ्रैक्चर हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही उनके शुभचिंतक उन्हें देखने पहुंच रहे हैं। संदीप सिंह ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

Related posts