जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सोनो से बीते शनिवार से एक आठ वर्षीय लड़के के लापता होने का मामला सामने आया है। लापता लड़के की पहचान सोनो के रामदेव साह के बेटे पवन कुमार के रूप में हुई है। पवन की मां रेखा देवी ने पुलिस को आवेदन देकर बेटे के लापता होने की जानकारी दी है। दिए आवेदन में रेखा देवी ने बताया कि विगत शनिवार को पवन सुबह दस बजे घर से निकल कर घर के समीप स्थित काली मंदिर की ओर गया, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन की। सगे संबंधियों के यहां पता लगाया, पर कुछ भी पता नहीं चला। रेखा ने बताया कि उसके पति रोजगार के सिलसिले में कोलकाता में रहते हैं। वह यहां अपने बच्चों के साथ रहती है। पवन स्थानीय आदर्श मध्य विद्यालय का छात्र बताया जाता है। रेखा ने पुलिस से लापता बेटे को ढूंढने में मदद की गुहार लगाई है।