जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत अधिकारों में कटौती के विरोध में आगामी 5 सितंबर को सरपंचों के द्वारा प्रखंड मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर बुधवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान भवन में सरपंच संघ की बैठक सरपंच प्रतिनिधि मकबूल अंसारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मौजूद संघ के जिलाध्यक्ष सह लोहा पंचायत के सरपंच विश्वविजय सिंह ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अमोद कुमार निराला के आह्वान पर ग्यारह सूत्री मांगों के समर्थन में सूबे के सभी प्रखंड मुख्यालयों में पांच सितंबर को एकदिवासीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों को सुविधा देने की बजाए उनके अधिकारों में कटौती की जा रही है। सरपंच द्वारा निर्गत वंशावली को भी अमान्य कर दिया गया है।मानदेय बढ़ाने की घोषणा महज कागजी साबित हुई है। नोटिस तामिला करने हेतु चौकीदार की व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसी स्थिति में न्याय प्रतिनिधि स्वयं नोटिस तामिला कराते हैं। न्याय सचिव व न्याय मित्र का पद वर्षो से रिक्त है। थाना द्वारा भी कचहरियों को पूर्ण सहयोग नहीं मिलता है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि बीडीओ के माध्यम से सरकार को ग्यारह सूत्री मांग पत्र सोपा जाएगा। यदि सरकार सरपंचों की मांग पर सहानुभुति पूर्वक विचार नहीं करती है तो सरपंच सामूहिक इस्तीफा देंगे। मौके पर सरयू यादव, छक्कन यादव, मिट्ठू यादव, लभीत कुमार सिंह, रामचंद्र प्रसाद यादव, बबलू अंसारी, यमुना ठाकुर, नकुल ठाकुर,भोला रजक, अवधेश ठाकुर, ललटू सिंह, चंद्रदेव पासवान, मिथिलेश पांडेय आदि मौजूद थे।