नक्सल कांड के एक फरार आरोपित पुलिस पर हमला करने वाला नक्सली धराया

जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट

जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत एसएसबी 16वीं वाहिनी सी संमवाय चरकापत्थर, चरकापत्थर पुलिस व खैरा पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नक्सल कांड के एक फरार आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की है। गिरफ्तार नक्सली पर खैरा में पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने का आरोप है, जिसकी पहचान चरकापत्थर थाना क्षेत्र के विशनपुर के राजेश यादव के रूप में हुई है। इस बाबत चरकापत्थर एसएसबी के सहायक कमांडेंट आशीष वैष्णव ने बताया कि नक्सल कांड के फरार आरोपित राजेश यादव के घर वालों से मिलने की आने की गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर सहायक कमांडेंट आशीष वैष्णव, चरकापत्थर थानाध्यक्ष अभिनंदन कुमार के नेतृत्व में एसएसबी, चरकापत्थर व खैरा थाना के महिला व पुरुष जवानों के साथ सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। सूचना के आधार पर पुलिस विशनपुर गांव के पास घात लगाकर आरोपित राजेश यादव का इंतजार कर रही थी। रात में आरोपित नक्सली राजेश यादव जैसे ही विशनपुर स्थित अपने घर पहुंचा, उसे दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपित नक्सली कमांडर सुरंग यादव का करीबी बताया जाता है। आरोपित की गिरफ्तारी खैरा थाना कांड संख्या 24/14 के तहत की गई है। गिरफ्तार नक्सली को खैरा पुलिस को सौंप दिया गया है।

Related posts