जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत एसएसबी 16वीं वाहिनी सी समवाय चरकापत्थर व चरका पत्थर पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नक्सल कांड के एक फरार आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की है। गिरफ्तार नक्सली पर खैरा में पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने का आरोप है, जिसकी पहचान चरकापत्थर थाना क्षेत्र के बरमोरिया के ओंकार यादव उर्फ कैला यादव के रूप में हुई है जो बीते दस वर्षों से फरार चल रहा था। कैला यादव खैरा थाना के जंगली इलाके में नक्सलियों के खिलाफ चलाये जा रहे सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा पुलिस बल फायरिंग कर हमला करने के मामले में आरोपित है,जिसपर खैरा थाना में कांड संख्या 24/14 दर्ज है। बताया गया कि सूचना मिली कि कैला यादव बरमोरिया के जंगल मे देखा गया है।सूचना के आधार पर चरकापत्थर स्थित एसएसबी 16 वी वाहिनी सी समवाय के सहायक कमांडेंट आशीष वैष्णव और चरकापत्थर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में पुलिस जवानों द्वारा जंगली क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बरमोरिया जंगल से कैला यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बता दे कि वर्ष 2014 में खैरा थाना के जंगली क्षेत्र में केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों द्वारा नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा पुलिस जवानों पर फायरिंग की गई थी इस मामले में खैरा थाना में नक्सलियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था जिसमे अन्य नक्सलियों के अलावे कैला यादव को भी आरोपी बनाया गया था। गिरफ्तार नक्सल काण्ड के आरोपी कैला हार्डकोर नक्सली कमांडर रहे सिद्धू कोड़ा व चिराग दा का सहयोगी बताया गया है।