सोनो(जमुई):- अनियंत्रित ट्रैक्टर ने पूजा पंडाल और घर को मारी टक्कर, मची अफरातफरी




जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट


जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत थाना क्षेत्र के बेलम्बा पंचायत के असनालेवार में रविवार शाम को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने एक पूजा पंडाल और एक घर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना में कई लोग बाल-बाल बच गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह सीधे पूजा पंडाल में घुस गया और फिर एक घर की दीवार से टकरा गया। हादसे के समय पंडाल में कुछ श्रद्धालु मौजूद थे, जो तुरंत सुरक्षित स्थान की ओर भागे। ग्रामीणों के अनुसार, झाझा पुलिस अवैध बालू लदे ट्रैक्टर का पीछा कर रही थी। तेज रफ्तार में भागते हुए ट्रैक्टर असनालेबार के रास्ते नैया टोली पहुंचा और अनियंत्रित होकर प्रेम मरांडी के घर के सामने टकरा गया। घर के सामने मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित कर पूजा हो रही थी। पंडाल का कुछ हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ। घटना के वक्त पंडाल में बच्चे संगीत पर नृत्य कर रहे थे। गनीमत रही कि बच्चे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बच गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों को शांत करने के लिए सोनो थाना से अपर थानाध्यक्ष मंकेश्वर प्रसाद पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने बेलंबा सरपंच यमुना ठाकुर के साथ मिलकर ग्रामीणों को समझाया। जिनके घर को नुकसान हुआ, वे क्षतिपूर्ति की मांग कर रहे थे। पुलिस ने अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले जाया।

Related posts