जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत महेश्वरी गांव में श्रद्धा और भक्ति के माहौल के बीच श्रीरामचरितमानस नवाह पारायण महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन पूरे नौ दिनों तक चलेगा, जिसमें रामकथा, भजन-कीर्तन और हवन यज्ञ सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। तृतीय दिवस के कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय प्रभारी रणजीत सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर महायज्ञ का उद्घाटन किया। रणजीत सिंह ने कहा कि यज्ञ से भगवान श्रीराम की उत्पत्ति हुई थी। इससे क्षेत्र का वातावरण स्वच्छ और आनंदमय बनता है। सनातन संस्कृति की रक्षा होती है और सामाजिक सद्भाव कायम रहता है। यज्ञ स्थल पर पहुंचने से मनुष्य को दैहिक, दैविक और भौतिक तापों से मुक्ति मिलती है। उन्होंने दिव्य और भव्य यज्ञ स्थल का अवलोकन कर सर्वकल्याण की कामना की।मौके पर भाजपा जिला मंत्री मनोज कुमार सिंह वरिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य यजमान रोहित कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन मुकेश कुमार पांडेय ने किया।यज्ञाचार्य महेश पांडेय, प्रधान यजमान रोहित सिंह, जगतमोहन पांडेय, धर्मेंद्र सिंह, राजेश सिंह, विपिन सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु, साधु-संत और युवा उपस्थित रहे। वृंदावन धाम के कलाकारों की प्रस्तुति से माहौल भक्तिमय हो गया।


You must log in to post a comment.