जमुई से सरोज कुमार दुबे
सोनो(जमुई):-
आध्यात्मिक उत्थान और जनकल्याण की भावना के साथ सोनो में आयोजित चार दिवसीय 24 कुण्डीय गायत्री ज्ञान महायज्ञ सोमवार को संपन्न हो गया। इस महायज्ञ में प्रत्येक दिन सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और वेद मंत्रों की गूंज से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।आयोजन के तीसरे दिन दीप यज्ञ का आयोजन हुआ।दीप यज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर समाज में सद्भाव, शांति और सकारात्मकता का संदेश दिया। यज्ञ के दौरान विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और प्रवचनों के माध्यम से जीवन में आध्यात्मिकता और सद्गुणों के महत्व को रेखांकित किया गया।गायत्री परिवार के विद्वान आचार्यों ने यज्ञ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह न केवल आत्मिक शुद्धि का माध्यम है, बल्कि समाज में सदाचार और संस्कारों को जागृत करने का भी एक सशक्त प्रयास है। आयोजन में भजन-कीर्तन, प्रवचन, और विभिन्न संस्कारों का भी आयोजन किया गया, जिससे श्रद्धालु आध्यात्मिक रूप से समृद्ध हुए। यज्ञ के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले राजेन्द्र राय, संतोष भगत,उमेश वर्णवाल,रितेश वर्णवाल, पंकज वर्णवाल, अमर वर्णवाल, अवधेश वर्णवाल, संतोष गुप्ता,प्रवीण भगत, पिंटू गुप्ता,विजय वर्मा को सम्मानित किया गया।वहीं जया देवी,मनोरमा देवी, लक्ष्मी देवी,बबीता देवी, सियावती देवी व गीता देवी को नारी सशक्तिकरण सम्मान दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी को प्रसाद वितरित किया गया और विश्व शांति व जनकल्याण की प्रार्थना के साथ महायज्ञ का विधिवत समापन किया गया।

