सोनो (जमुई):लाखों की संपत्ति खाक आपसी रंजिश में पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, तीन लाख नकद और  बाइक भी जलकर राख


सोनो से सरोज कुमार दुबे

सोनो (जमुई): जिले के सोनो  प्रखंड  थाना क्षेत्र के ढोढ़री गांव में आपसी रंजिश में एक घर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा देने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना में लाखों की संपत्ति जलकर खाक हो गई।ढोढ़री निवासी रामदेव मंडल ने थाने में आवेदन देकर बताया कि 22 अप्रैल को वह एक केस की सुनवाई में शामिल होने जमुई कोर्ट गया था। यह केस गांव के ही नरेश मंडल, गणेश मंडल, नेपाली यादव और अर्जुन यादव के खिलाफ चल रहा है। रामदेव का आरोप है कि सुनवाई के बाद इन चारों ने उसे धमकी दी थी कि रात में उसके घर में पेट्रोल डालकर आग लगा देंगे।डर के कारण रामदेव उस रात घर नहीं लौटा। रात करीब 12 बजे उसके घर में आग लगा दी गई। घटना में दामाद की मोटरसाइकिल, तीन कमरे, एक बरामदा, अनाज, कपड़े, बर्तन, चावल-गेहूं और बेटी की शादी के लिए रखे गए तीन लाख रुपये नकद जलकर राख हो गए।रामदेव ने बताया कि आग की लपटें देखकर उसकी बेटी कंचन देवी चिल्लाई, तब देखा गया कि गांव के ही कुछ लोग घर के पास खड़े थे, जिनमें गणेश मंडल, नरेश मंडल, नेपाली यादव, अर्जुन यादव, सुधीर मंडल, विनोद मंडल, अजय मंडल, विजय मंडल, श्रवण मंडल, अशोक मंडल, संजय मंडल, अभिषेक कुमार, सूरज मंडल, केशो मंडल, कपिलदेव मंडल और प्रदीप मंडल शामिल थे।रामदेव ने सभी पर मिलकर आग लगाने और आसपास के लोगों को मदद करने से रोकने का आरोप लगाया है। उन्होंने दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Related posts