गुप्त सूचना पर तीन थानाक्षेत्रों में फरार चल रहे महिला सहित तीन नामजद हत्यारोपी गिरफ्तार


सोनो से सरोज कुमार दुबे की



जमुई:- जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वर्ष 2024 में हुए हत्याकांड के फरार नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने एसपी मदन कुमार आनंद के दिशा-निर्देश पर एक महिला समेत तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया।एसडीपीओ कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए राजेश कुमार ने बताया की सोनो थाना क्षेत्र में दर्ज कांड संख्या 375/24 में नामजद अभियुक्त श्यामसुंदर पंडित की लोकेशन बेलम्बा गांव में पाई गई। सूचना के आधार पर झाझा अंचल के पुलिस निरीक्षक अरुण कुमार, सोनो थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार एवं अन्य पदाधिकारियों की टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।वहीं, चन्द्रमंडी थाना क्षेत्र के गादी धनवे गांव में गुप्त सूचना के आधार पर दर्ज कांड संख्या 205/24 के तहत फरार अभियुक्त सुनील यादव को थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार एवं टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया। उस पर देवनंदन यादव की हत्या में संलिप्तता का आरोप है।इसके अलावा चिहरा थाना क्षेत्र में 15 जुलाई 2024 को हुए हत्याकांड कांड संख्या 24/24 में छोटेलाल मरांडी की गला दबाकर हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया था। इस मामले में फरार चल रही मृतक की पत्नी सुरजमुनि मुर्मू को थानाध्यक्ष कुंज बिहारी एवं पुलिस टीम ने उसके मायके बरमोरीया गांव से गिरफ्तार किया।एसडीपीओ ने बताया कि तीनों मामलों के अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी है।

Related posts