सोनो (जमुई):- परिजनों ने जताई हत्या की आशंका पकरिया पहाड़ी से बरामद हुआ युवक का शव, मृतक पेशे से राजमिस्त्री था ,




जमुई से सरोज कुमार दुबे


सोनो (जमुई):- जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत आज  रविवार की सुबह थाना क्षेत्र के पैरामटिहाना पंचायत के दुधियानों गांव के समीप पकरिया पहाड़ी से एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया। मृतक की पहचान दुधियानों गांव के धन्नु मंडल के पुत्र कृष्णा मंडल के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री था और शनिवार की सुबह आठ बजे के करीब काम पर डुमरी जाने के लिए बाइक से अपने घर से निकला था। वहीं मृतक की बाइक भी घटनास्थल के समीप से ही बरामद हुई है। बताया जाता है कि रविवार की सुबह स्थानीय लोगों ने मुरली पहाड़ी के समीप युवक का शव देखा और उसकी पहचान दुधियानों के कृष्णा मंडल के रूप में करते हुए पुलिस और परिजनों को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस पदाधिकारी व जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम बुलाई गई। टीम ने मौके से साक्ष्य इकट्ठा किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया।





मृतक की पत्नी ममता देवी ने बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता था।शनिवार की सुबह काम पर डुमरी जाने के लिए घर से निकला था। प्रत्येक दिन शाम में वह वापस घर लौट आता था। शनिवार की शाम जब वह वापस नहीं लौटा तो साथ में काम करने वाले लोगों से उसने बात की। ममता ने बताया कि उन लोगों ने बताया कि वह दिन के दस से ग्यारह बजे ही वहां से निकल गया था। इसके बाद सभी ने उसकी खोजबीन शुरू की। पूरी रात खोजा, पर कुछ पता नहीं चला। रविवार की सुबह मुरली पहाड़ी के समीप से उसका शव मिला ।

मृतक के भाई राजकुमार मंडल ने बताया कि मटिहाना के चंद्रशेखर मंडल के बेटों के साथ वे सभी बाहर रहते थे। ठेकेदारी में पैसे के लेनदेन को लेकर बीते 16 मई को चंद्रशेखर मंडल के बेटों और उन लोगों के बीच मारपीट हुई थी। मारपीट के बाद 22 मई को पंचायत हुआ। पंचायत में मारपीट में घायलों के इलाज के लिए तीन लाख पचास हजार रुपया उन्हें देने का निर्देश दिया गया। वे लोग पैसा देने के लिए सहमत थे। पंचायत के फैसले पर सभी ने सहमति भी जताई थी, बावजूद इसके उन लोगों ने मेरे भाई की हत्या कर दी।

दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मृतक का शव बरामद होने के बाद से परिजनों के विलाप से गांव का माहौल गमगीन हो गया है। कोई मेरे पति को वापस ला दे, उन लोगों ने उसको मार दिया,यह कहकर पत्नी ममता देवी,मां दहाड़ मार कर रो रही थी।पिता धन्नु मंडल की आंखों से भी आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा था।मृतक के दोनों बच्चे अवाक थे। बता दें कि मृतक राजमिस्त्री का काम करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था।

आवेदन के आधार पर होगी कार्रवाई

मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया गया है। अभी तक परिजनों सेघटना के संबंध में आवेदन नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। धर्मेंद्र कुमार
पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष, सोनो

Related posts