जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत फरका गांव से पति और बेटे को छोड़ प्रेम प्रसंग में प्रेमी संग फरार विवाहिता को पुलिस ने गुरुवार को सोनो बाजार से बरामद कर लिया है। इस बाबत सोनो थानाध्यक्ष अब्दुल हलीम ने बताया कि गुरुवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर सोनो बाजार से विवाहिता को बरामद किया गया है। पुलिस विवाहिता का 164 के तहत बयान दर्ज कराने न्यायालय ले गई है। गौरतलब हो कि विवाहिता के पति ने थाना क्षेत्र के शहरफरका के जियाउल मंसूरी पर प्रेम प्रसंग में पत्नी को भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।दिए आवेदन में विवाहिता के पति ने बताया था कि बीते शनिवार की शाम में वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ सामान खरीदने सोनो बाजार आया था। पत्नी ब्यूटी पार्लर चली गई और वह अपने बेटे के साथ बाहर उसका इंतजार कर रहा था। उसने कहा था कि वह ब्यूटी पार्लर से कुछ दूर पान की दुकान पर पान खाने चला गया। वापस आकर बेटे से मां के बारे में पूछा तो बेटे ने कहा कि मां अब तक पार्लर से वापस नहीं लौटी है। फिर ब्यूटी पार्लर में जाकर पता किया तो पार्लर कर्मी ने बताया कि वह कब की चली गई। मुर्शीद ने बताया था कि उसने सोनो बाजार में काफी खोजबीन किया पर पता नहीं चला। थक हार कर घर चला आया। ससुराल फोन किया लेकिन वहां भी जानकारी नहीं मिली। उसने बताया कि कुछ दिन पूर्व उसकी पत्नी ने बताया था कि उसे जियाउल से प्यार हो गया है और वह उसके बिना जिंदा नहीं रह पाएगी। उसने पत्नी को समझाया था फिर भी वह मना करने के बाद भी जियाउल से फोन पर बात करती थी। उसे शक है कि जियाउल ही उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर भगा कर ले गया है।





