विधायक खुद तिरंगा पैकिंग और वितरण अभियान में युद्धस्तर पर जुटे, कहा अभियान को लेकर दिख रहा है लोगों में बेहद उत्साह*
——
हर घर तिरंगा अभियान की सफलता को लेकर हजारों तिरंगा क्षेत्र वासियों तक पंहुचाने को लेकर सदर विधायक कार्यालय में खुद हजारीबाग सदर विधायक मनीष जायसवाल, उनके पिता हजारीबाग के पूर्व जिप अध्यक्ष ब्रजकिशोर जायसवाल सहित विधायक प्रतिनिधिगण, भाजपा कार्यकर्तागण और विधायक समर्थक विशेष प्रिंटेड लिफाफा में तिरंगा झंडा और अभियान के निमित पत्र पैकिंग करने में युद्धस्तर पर जुटे हैं। क्षेत्र के हजारों लोगों तक उनके प्रिंटेड नाम अंकित कर यह तिरंगा सप्रेम भेंट करने की विधायक मनीष जायसवाल ने विशेष योजना बनाई है। उन्होंने बुधवार की देर शाम से तिरंगा वितरण अभियान की भी विधिवत शुरुआत कर दी। इनर व्हील क्लब ऑफ हजारीबाग की अध्यक्ष रजनी कुमारी के मटवारी कुम्हारटोली स्थित आवास पंहुचकर क्लब के सभी 40 सदस्यों के लिए विशेष तिरंगा युक्त लिफाफा सप्रेम भेंट किया ।
विधायक मनीष जायसवाल ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी के आवाह्न पर संपूर्ण देश आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर अमृत महोत्सव के दौरान हर घर तिरंगा अभियान को लेकर बेहद उत्सुक दिख रहें हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए हमने अपने स्तर से एक प्रयास किया है की लोगों के घरों तक तिरंगा पंहुचाया जाय। विधायक मनीष जायसवाल ने एक पत्र भी तिरंगा युक्त लिफाफा में भेंट किया है जिसमें उन्होंने लिखा है की प्रिय हजारीबाग वासियों, आजादी के 75वीं वर्षगांठ की हार्दिक ढेरों शुभकामनाएं और अनंत बधाई। आगे लिखा है कि यह आजादी हमें अनेकों झंझावत झेलने के बाद कठिन संघर्षों और अनेकों राष्ट्रभक्तों के बलिदानी के बाद प्राप्त हुई है, इसे सहेज के रखने का कार्य अब नौजवान पीढ़ी का है। जंग- ए- आजादी की इस लड़ाई में हमारे झारखंड प्रांत के कई महानायक रहें जिनके बिना भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की कहानी अधूरी रह जाती है। भगवान बिरसा मुंडा, शहिद निलाम्बर- पीताम्बर, सिद्धू- कांहू, चांद- भैरव, स्व.बाबू रामनारायण सिंह, सरस्वती देवी सहित अन्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपनी काबिलियत और जुनून के बदौलत अंग्रेजों के दांत खट्टे कर दिए थे। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में लोगों को तिरंगा घर लाने और भारत की आजादी के 75 वें वर्ष के उपलक्ष्य में इसे फहराने के लिए प्रोत्साहित करने का एक अभियान है। ध्वज के साथ हमारा संबंध हमेशा व्यक्तिगत से अधिक औपचारिक और संस्थागत रहा है लेकिन अब इस अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज को देशवासियों से व्यक्तिगत रूप से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारे देश का गौरव और सम्मान का प्रतीक रहा है ।
आगे लिखा है कि स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में एक राष्ट्र के रूप में ध्वज को सामूहिक रूप से घर लाना न केवल तिरंगे से व्यक्तिगत संबंध का एक कार्य है बल्कि राष्ट्र-निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और राष्ट्रध्वज के प्रति असीम प्रेम और आत्मीय सम्मान को उद्गार करने का एक सकारात्मक पहल भी है। पहल के पीछे का विचार लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना को जागृत करना और भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देना है।
इसी प्रयास की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए हमने भी ठाना है की हजारीबाग के हर घर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया हैं। आपके बेटा/भाई की ओर से यह तिरंगा आपको भेंट स्वरूप दिया जा रहा है, इस आशा और विश्वास के साथ कि आप आजादी के अमृत महोत्सव में दिनांक 13 अगस्त 2022 से 15 अगस्त 2022 तक अपने घर के छतों पर तिरंगा आन, बान और शान से लगाएंगे। साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी राष्ट्रीय ध्वज अपने घरों में लहराने हेतु प्रेरित करेंगे ।
भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव बढ़ाने के इस अभियान को सफल बनाने हेतु अपनी भागीदारी व हिस्सेदारी सुनिश्चित करना हम सभी हजारीबाग वासियों का कर्तव्य है।
उन्होंने पत्र के अंत में लोगों से अपील करते हुए कहा है कि आइए, हम सभी हजारीबागवासी मिलकर इस अभियान को बेहद सफल व ऐतिहासिक बनाए और 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराए ।