धनबाद: हर घर तिरंगा अभियान को लेकर विशाल बाइक तिरंगा यात्रा निकालने का दावा करनेवाले बाघमारा विधायक ढुलू महतो को जिला प्रशासन ने गुरुवार को बड़ा झटका दिया, जब उसने महतो को रैली के समापन स्थल में बदलाव करने के लिए मजबूर कर दिया।
अब इस विशाल बाइक तिरंगा यात्रा का समापन पूर्व निर्धारित गोल्फ ग्राउंड की जगह मेमको मोड़ स्थित इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा।
इसकी जानकारी खुद विधायक ढुलू महतो ने स्थानीय परिसदन में संवाददाता सम्मेलन में दिया। महतो ने बगैर किसी का नाम लिए कहा कि एक साजिश के तहत जिला प्रशासन ने अंतिम समय में उनके तिरंगा यात्रा के समापन स्थल को बदलने के लिए मजबूर किया। लेकिन इससे उनकी यात्रा की तैयारी और सफलता पर कोई फर्क नहीं पड़नेवाला। विरोधी चाहे लाख साजिश करे लें, लेकिन उनको इस विशाल बाईक यात्रा को विफल नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन से भी वे कोई टकराव नहीं चाहते। प्रशासन की इच्छा का सम्मान करते हुए 13 अगस्त को होनेवाली इस रैली का समापन अब इंडोर स्टेडियम में सभा के साथ होगा।
झारखंड के सबसे पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के इस यात्रा में शामिल होने की पुष्टि करते हुए महतो ने कहा कि रैली के बाद विरोधियों को मुहंतोड़ जवाब उनके क्षेत्र की जनता ही देगी। जनता सब देख सुन और समझ रही है। आनेवाले दिनों में वह इसका समुचित उत्तर देगी।
उन्होंने जिला प्रशासन से रैली के दिन बेहतर यातायात व्यवस्था करने का अनुरोध करते हुए कहा कि रैली माटीगढ़ा से शुरु होकर बाघमारा, फुलाड़ीटांड़, नावागढ़, छाताबाद, पंचगढ़ी, सिजुआ, लोयाबाद, करकेंद, बैंक मोड़, सिटी सेंटर होते हुए इंडोर स्टेडियम पहुंचेगी। जहां मरांडी जी के अलावा जिला के सभी वरीय पार्टी नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश का प्रचार किया जाएगा।
वहीं भाजपा धनबाद जिला महानगर जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इस रैली के माध्यम से पार्टी तिरंगा और देश प्रेम का अलख जगाने के लिए राजनैतिक, सामाजिक और शैक्षणिक वातावरण निमार्ण पर जोर दे रही है।
संवाददाता सम्मलेन के दौरान संजीव अग्रवाल, मानस प्रसून, मिल्टन पार्थ सारथी, अमलेश सिंह सहित कई अन्य नेता माैजूद रहे।