धनबाद में वैलेंटाइन डे को लगा ग्रहण,पार्क बंद रहने से प्रेमी जोडों को मिली नो इंट्री,300 से अधिक जोड़े वापस लौटे



धनबाद :अमूमन हर वैलेंटाइन डे पर धनबाद के पार्क यानी बिरसा मुंडा पार्क, राजेंद्र सरोवर गोल्फ ग्राउंड सब गुलजार हुआ करता था। इस बार ऐसा कुछ नहीं है। कोविड-19 प्रोटोकोल के तहत पार्क खोलने की अनुमति नहीं मिली है। इसका नतीजा यह निकला है कि लोग पार्क तक तो आ रहे हैं, लेकिन गेट में ताला बंद देख उल्टे पैर लौट रहे हैं। बिरसा मुंडा पार्क में अभी तक 300 से अधिक जोड़े वापस लौट चुके हैं।
पार्क प्रबंधन के अनुसार सुबह आठ बजे से ही यहां प्रेमी जोड़ों का आना शुरू हो गया था। सभी को यही बताया जा रहा है कि पार्क बंद है। जब खुलेगा तब आइए। पार्क की देखरेख कर रहे बंधु मंडल ने बताया कि शनिवार और रविवार को लगभग 1000 लोग वापस लौट कर गए थे। हर दिन लोग भारत पहुंच रहे हैं। बंद होने की वजह से वापस जाना पड़ रहा है।राजेंद्र सरोवर पार्क का भी यही हाल है। यहां भी सुबह से अभी तक लगभग 100 प्रेमी जोड़े पार्क बंद होने की वजह से वापस चले गए। हालांकि पार्क के चारों ओर वाकिंग ट्रैक होने की वजह से एक दर्जन से अधिक प्रेमी जोड़े इधर उधर बैठकर बातों में मशगूल हैं। एक दूसरे को गिफ्ट दे रहे हैं। कोई बाइक पर बैठा है, तो कोई पार्क से सटकर दीवार के सहारे बातें करने में व्यस्त है। गोल्फ ग्राउंड का आधा हिस्सा अभी भी बंद है और आधा खुला हुआ है। खुले हुए हिस्से में युवक युवतियां वैलेंटाइन डे मनाते जरूर दिख जाएंगे।

Related posts