जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत प्रखंड स्वराज्य सभा, ग्राम भारती एवं कृषि विज्ञान केन्द्र,जमुई के संयुक्त तत्वावधान में चरकापत्थर थाना क्षेत्र के रजौन में हर मेंड़ पर पेड़ विषय पर किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। केवीके जमुई के केंद्र प्रमुख एवं वरीय वैज्ञानिक डा० सुधीर कुमार सिंह ने उपस्थित किसानों को हर मेंड़ पर पेड़ कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि आज धरती पर कम हो रहे हरित आवरण वैश्विक चिंता का विषय बन गया है।इसलिए हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने की आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित किसानों को केवीके के माध्यम से इच्छुक किसानों को फलदार पौधा उपलब्ध कराने की बात कही। वहीं एक अन्य कार्यक्रम में चरकापत्थर थाना के चरैया गांव में ग्रामीण व्यवसाय में पशुपालन की उपयोगिता विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया।उपस्थित किसान पशुपालकों का मार्गदर्शन किया गया। डा सुधीर कुमार सिंह ने केवीके जमुई द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डाला। ग्राम भारती के संचालक कुमार विमलेश ने दूरस्थ क्षेत्र के किसानों के बीच ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र जमुई के प्रयास की सराहना करते हुए लोगों को केंद्र से जुड़ कर सफल किसान बनने की सलाह दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड स्वराज्य सभा के अध्यक्ष सह पूर्व पैक्स अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद सिंह ने किया। मौके पर रंजीत कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।