जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत आज थाना क्षेत्र के लोहा पंचायत के धवठिया नवरवाटांड में गुरुवार की सुबह एक कुएं से चार वर्षीय बच्चे का शव बरामद किया गया। मृतक बच्चा बुधवार शाम से लापता था, गुरुवार की सुबह घर के समीप स्थित कुएं में उसका शव उपलाता हुआ मिला। मृतक बच्चे की पहचान नवरवाटांड के गेनो राय के पुत्र विशाल कुमार(4) के रूप में हुई है। घटना के बाबत मृतक के स्वजनों ने बताया कि बुधवार शाम चार बजे के बाद से विशाल का पता नहीं चल रहा था। स्वजन आसपास उसकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार की सुबह घर के समीप स्थित कुएं में उसका शव उपलाता हुआ मिला। कुएं से बच्चों के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए लाश को पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया।थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह ने बताया कि कुएं से एक बच्चे का शव बरामद हुआ है। मामले में यूडी केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

