जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत आज एनएच 333 सोनो झाझा मार्ग के सोनो चौक के समीप सोमवार को एक बाइक और एक ई रिक्शा में जबरदस्त टक्कर हो गई।
इस दुर्घटना में आधा दर्जन लोग घायल हो गए।घायलों में दो की हालत चिंताजनक थी, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई रेफर किया गया है।बताया जाता है कि सोमवार दोपहर को झाझा की ओर सवारी लेकर जा रही एक ई रिक्शा विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक से टकरा गई।
टक्कर के बाद ई रिक्शा भी सड़क पर पलट गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार थानाक्षेत्र के राजपुर डुमरी निवासी नीतिश मंडल व रंजन मंडल सहित ई रिक्शा सवार तेलियाडीह झाझा का सुखदेव ठाकुर, सिमरासोत झाझा की बिजी देवी, महेश तुरी और उनका बेटा घायल हो गया।
घटना की सूचना पुलिस को मिली।एसआई मानकेश्वर प्रसाद पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनो लाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद घायल नीतिश मंडल व रंजन मंडल को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई रेफर किया गया है।