सोनो(जमुई):-नाम बदलकर बेगूसराय में रह रहा आरोपित गुलशन गुड्डू सिंह हत्याकांड के फरार अभियुक्त  को पुलिस ने बेगूसराय से दबोचा




जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट





बिहार: (जमुई ) जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत आज थाना क्षेत्र के केवाली के गुड्डू सिंह हत्याकांड का फरार मुख्य आरोपित गुलशन कुमार आखिरकार पुलिस की हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बेगूसराय से उसे गिरफ्तार किया है, जहां वह नाम बदलकर रह रहा था। इस बाबत पुलिस अधीक्षक जमुई मदन कुमार आनंद ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि गुड्डू सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपित गुलशन नाम बदलकर मनीष कुमार पे रविंद्र सिंह साकिन टाल शर्मा बनकर बेगूसराय में रह रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ झाझा राजेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम में पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह, पुअनि विशाल कुमार सिंह , डीआईयू जमुई व सोनो थाना के सशस्त्र बलों को शामिल किया गया। टीम ने बेगूसराय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए आरोपित गुलशन को बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र से धर दबोचा। गौरतलब हो कि बीते 20 सितंबर को थाना क्षेत्र के केवाली में ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति को लेकर आयोजित पंचायत में केवाली के गुड्डू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में केवाली के योगेंद्र सिंह के दोनों बेटे सुमन कुमार उर्फ सोनू व गुलशन कुमार को आरोपित किया गया था। आरोप था कि गोली मारने के बाद दोनों आरोपित भाई हथियार लहराते हुए फरार हो गया। हालांकि पुलिस दबिश के बाद कांड का एक आरोपित सुमन कुमार उर्फ सोनू ने न्यायालय में आत्म समर्पण कर दिया था, जबकि गुलशन कुमार अपना ठिकाना बदल-बदलकर गिरफ्तारी के डर से छुपते रहा। पुलिस ने आरोपित के घर की थी कुर्की  पुलिस ने न्यायालय से वारंट निर्गत कराकर आरोपित गुलशन कुमार के केवाली स्थित घर की कुर्की जब्ती की कारवाई भी की थी, बावजूद इसके गुलशन फरार था।बीते 7 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित बेगूसराय में छुपा हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित गुलशन पर पूर्व में भी लखीसराय महिला थाना में दुष्कर्म का एक मामला दर्ज है।

Related posts