जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सोनो में इन दिनों यूरिया खाद की किल्लत बनी हुई है। किसान परेशान है। सुबह से शाम तक खाद दुकानों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन आलम है कि कहीं खाद नहीं है। हर वर्ष इस समय यही स्थिति बनती है। समय पर यूरिया नहीं मिलने से खेतों में रोपी गई गेहूं की फसल प्रभावित हो रही है। किसानों का कहना है कि यह हर साल की स्थिति बन गई है। जरूरत के समय यूरिया समाप्त हो जाता है। प्रशासन को जब पता है कि हर बार यूरिया की मारामारी होती है तो सीजन के पूर्व ही स्टॉक क्यों नहीं मंगवाया जाता है।किसानों ने इसके पीछे प्रशासनिक अमला को ही दोषी ठहराया है। वहीं प्रखंड कृषि पदाधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि प्रखंड में सरकारी दर पर यूरिया की बिक्री के लिए अधिकृत डीलरों के पास चार पांच दिनों पूर्व तक यूरिया का स्टॉक उपलब्ध था, लेकिन डिमांड अधिक होने के कारण कई डीलरों के पास यूरिया का स्टॉक समाप्त हो गया। जिला कृषि पदाधिकारी से बात कर जल्द यूरिया का स्टॉक उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।यूरिया का रैक लगने वाला है।प्रयास है कि आज से प्रखंड में यूरिया उपलब्ध हो जाए। किसानों को यूरिया की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। वह खुद इस पर नजर बनाए हुए हैं।

