जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत आज चरकापत्थर थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव में रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। इसमें एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। धारदार हथियार और लाठी-डंडे से हमला किया गया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद तीन की हालत गंभीर देख सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया गया।घायलों में बबिता देवी (35), ढालो दास (70), अरविंद दास (40) और बिनोद रविदास (38) शामिल हैं। इनमें बबिता देवी, अरविंद दास और ढालो दास को रेफर किया गया।घायल बिनोद दास ने बताया कि घर के पास रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। छोटा चाचा का लड़का नीतीश कुमार, अनिल दास, प्रमोद दास, श्यामा देवी और अनिल के जीजा दीपक दास ने लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया।बिनोद ने बताया कि रास्ते को लेकर पहले भी विवाद हुआ था। 17 मार्च को पुलिस आई थी और समझाइश दी थी। लेकिन वे नहीं माने। रात में घर पर पथराव किया। सुबह सुनियोजित तरीके से हमला कर दिया। बेटी की शादी के लिए रखी संपत्ति भी लूट ली।थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पीड़ित के आवेदन पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

