जमुई से सरोज कुमार दुबे
सोनो(जमुई):- जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत
चरकापत्थर थाना क्षेत्र में वर्षों से फरार चल रहे नक्सली कांड के दो मुख्य आरोपितों को पुलिस ने शुक्रवार की सुबह दबोच लिया। यह कार्रवाई चरकापत्थर पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने की। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कैलु यादव उर्फ नुनेश्वर यादव और गुरुदयाल यादव उर्फ गुरुसहाय यादव के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं और वर्ष 2005 में सोनो थाना क्षेत्र में दर्ज नक्सली कांड संख्या 02/2005 के नामजद आरोपित हैं।गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए चरकापत्थर थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें एसटीएफ और स्थानीय पुलिस के अधिकारियों को शामिल किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार की अहले सुबह छापेमारी की गई और दोनों आरोपितों को उनके वर्तमान निवास स्थान चरकापत्थर थानाक्षेत्र के खरीक गांव से गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपितों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत सोनो थाना को सुपुर्द कर दिया गया है, जहां आगे की जांच और पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों पर नक्सल गतिविधियों में संलिप्तता और संगठन को सहयोग देने जैसे गंभीर आरोप हैं।

