जमादार सिंह मुखिया संघ के बने अध्यक्ष व मीरा देवी बनी उपाध्यक्ष

जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट

जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत आज मुखिया संघ का गठन किया गया जिसमें लोहा पंचायत के मुखिया जमादार सिंह को प्रखंड मुखिया संघ का अध्यक्ष बनाया गया वहीं लालीलेवार पंचायत की मुखिया मीरा देवी उपाध्यक्ष बनी, शनिवार को प्रखंड मुखिया संघ के गठन के लिए आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता ढोंढ़री पंचायत के मुखिया राम ठाकुर ने की।मुखिया संघ के अन्य पदाधिकारियों में पैरामटिहाना पंचायत की मुखिया रंभा कुमारी कुशवाहा को महासचिव, रजौन पंचायत के मुखिया साजो बीवी को सचिव, चुरहेत पंचायत के मुखिया गेना मांझी को सचिव व लखनकियारी पंचायत के मुखिया सोनी देवी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।वहीं मुखिया संघ के नवनिर्वाचित प्रखंड अध्यक्ष जमादार सिंह ने कहा कि सभी मुखिया के बीच परस्पर सहयोग और समन्वय स्थापित करना इस संगठन का उद्देश्य है। उन्होंने आगे कहा कि इससे सभी मुखिया के बीच सभी तरह की सूचना का संप्रेषण होगा। प्रखंड के सभी पंचायतों की समस्या तकरीबन एक जैसी है इसलिए प्रखंड के सर्वांगीण विकास हेतु कार्य योजना में एकरूपता स्थापित करना संभव हो सकेगा। जब भी किसी भी मुखिया के समक्ष कोई भी समस्या आएगी तो संघ एकजुट होकर उसका समाधान ढूंढेगा। मौके पर मुखिया गणेश तूरी, गियास अंसारी, रंभा कुमारी कुशवाहा, अनीता देवी, गेना मांझी, सोनी देवी, अवधेश कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि दिगंबर पांडेय, आलमगीर अंसारी, गुरुदयाल यादव, रोहित यादव, अलाउद्दीन अंसारी आदि मौजूद रहे।

Related posts