जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत नक्सल प्रभावित चरकापत्थर थाना क्षेत्र के गंडा के ब्रह्म बाबा, क्षेत्र के लोगों के लिए अटूट आस्था का केंद्र है। कहा जाता है यहां मन से मांगी गई मुरादे अवश्य पूरी होती है। सोमवार को यहां वार्षिक पूजा का आयोजन किया गया। इसको लेकर सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचने लगे। मंदिर के पुजारी सह भक्त रघुनाथ यादव ने बताया कि वार्षिक पूजा को लेकर आठ दिन पूर्व से ही यहां रामधुनी, अष्टयाम, कीर्तन, भजन का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को ब्रह्म बाबा प्रांगण में पहले ध्वजारोपण हुआ उसके बाद मुंडन संस्कार व बाबा की वार्षिक पूजा आरम्भ हुई।ब्रह्म बाबा की वार्षिक पूजा को लेकर इस क्षेत्र से आने वाले सभी ब्राह्मणों का ज्योनार करवाया गया। वहीं आज यहां बलि पूजा का आयोजन होगा। प्रखंड मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के बावजूद भी यहां लगभग क्षेत्र के सभी गांवों के लोग जुटते हैं। मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ती जा रही है। लोगों का मानना है कि यहां मन्नते मांगने से उनकी मनोकामना पूर्ण होती है। वार्षिक पूजा के अवसर पर मंदिर प्रांगण में ही दो दिवसीय मेला का भी आयोजन किया जा रहा है। पूजा आयोजन समिति के राजकुमार यादव,भुनेश्वर यादव, नारायण यादव,कार्तिक यादव,इंद्रदेव यादव आदि ने बताया कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा जा रहा है।वहीं दूसरी और पूर्व विधायक सावित्री देवी, राजद नेता विजय शंकर यादव सोमवार को गंडा पहुंचकर ब्रह्म बाबा के वार्षिक पूजा में शामिल हुए व क्षेत्र के खुशहाली की कामना की। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि रोहित यादव, अवधेश वर्णवाल, रतन लाल कुमार वर्णवाल, अंशु वर्णवाल आदि मौजूद थे।

