पोल्ट्री फार्म पर फायरिंग के मामले के आरोपी को पुलिस ने पिस्टल के साथ किया गिरफ्तार



जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के मुखियाडांगा में विनोद सिंह के मुर्गा फार्म पर 2 सितंबर की रात फायरिंग हुई थी। रात करीब 2:30 बजे फायरिंग हुई थी। इसकी सूचना लोगों ने 100 नंबर डायल करके पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटना का जायजा लिया था। डीएसपी पटमदा सुमित कुमार ने घटना के खुलासे के लिए एक टीम का गठन किया था। इस टीम ने आरोपी का पता लगाया और इसके बाद एनएच-33 स्थित एयरवेज ट्रांसपोर्ट कंपनी के पास से आरोपी अभिमन्यु कुमार सिंह को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। अभिमन्यु के पास से देशी पिस्टल बरामद हुआ है। इसके अलावा, तीन कारतूस भी मिले हैं। अभिमन्यु मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के समस्त पुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। जमशेदपुर में वह एमजीएम थाना क्षेत्र के मुखिया डांगा में नारायण पब्लिक स्कूल के पास रहता है। पुलिस ने लिखा पढ़ी करने के बाद रविवार को अभिमन्यु को जेल भेज दिया है। अभिमन्यु ने पुलिस को बताया कि पुरानी दुश्मनी में उसने फायरिंग की थी। एमजीएम थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर राजू ने बताया कि पुलिस ने अभिमन्यु की एमजीएम अस्पताल में मेडिकल जांच कराई। इसके बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजा।

Related posts