त्रिपुरा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश नियुक्त हुए झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अपरेश कुमार सिंह


आजाद दुनिया न्यूज

रांचीः झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह त्रिपुरा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रुप में नियुक्त किए गए. उन्होंने काफी लंबे समय झारखंड हाईकोर्ट में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रहकर अपनी सेवा दी. बता दें, झारखंड हाईकोर्ट में जज के रुप में करीब 11 साल पहले उनकी नियुक्ति हुई थी. हाईकोर्ट में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रहते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण केस पर सुनवाई की साथ ही कई महत्वपूर्ण आदेश पारित भी किए.

बता दें, झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह की त्रिपुरा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश नियुक्त और कॉलेजियम की सहमति के बाद सुप्रीम कोर्ट ने नियुक्ति संबंधी नोटिफिकेशन जारी किया है. इधर, त्रिपुरा हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस बनाए जाने बाद झारखंड हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन ने उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई और ढेर सारी शुभकामनाएं दी है.

जानकारी के लिए बता दें, त्रिपुरा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश इंद्रजीत महंती बीते दिनों सेवानिवृत्त हुए हैं. जिसके बाद उनकी जगह पर ओड‍िशा हाई कोर्ट के सीनियर जज जसवंत सिंह को मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया है. वे अगले 22 फरवरी को सेवानिवृत्त होने वाले है. इसे देखते हुए कोलेजियम ने वर्तमान में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह को पहले ही त्रिपुरा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त कर दिया है.

वहीं, त्रिपुरा के मुख्य न्यायाधीश जसवंत सिंह के 22 फरवरी 2023 को त्रिपुरा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से सेवानिवृत होने के बाद झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायधीश अपरेश कुमार सिंह मुख्य न्यायाधीश का कार्यभार संभालेंगे. फिलहाल वे झारखंड हाईकोर्ट के प्रभारी मुख्य न्यायाधीश के रुप में कार्यरत है.

Related posts