पश्चिम बंगाल अंडाल की पुलिस सोमवार को कतरास थाना पहुँची। कतरास थाना पहुँचकर थाना प्रभारी रासबिहारी लाल से मिलकर छाताबाद के कैलूडीह निवासी दशरथ यादव के खिलाफ कोर्ट नोटिस का तामिला करने के लिए स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगा गया। अंडाल पुलिस व कतरास ने संयुक्त रूप से दोपहर में छाताबाद कैलूडीह पहुँची और दशरथ यादव के आवास से शादी में दिए गए सामान को जब्त करते हुए थाना ले आयी। पुलिस जब दशरथ यादव के घर पर पहुँच कर सामान निकल रही थी तब घर के लोग इसका विरोध करने का प्रयास किया और आसपास काफी संख्या में लोग जुट गए। लेकिन काफी संख्या में पुलिस की मौजूदगी से किसी का कुछ नही चल पाया। बताते चलें कि अंडाल थाना के उखड़ा के रहने वाले जयराम यादव ने अपनी पुत्री अर्चना की शादी कैलूडीह के रहने वाले दशरथ यादव के पुत्र सुनील यादव के साथ 2017 मे किया था। शादी के कुछ साल बाद सुनील ने अपने घर कैलूडीह में आत्महत्या कर लिया था। उसके बाद लड़की के ससुराल वाले लड़की को अपने घर में रखने को तैयार नही हुए और न ही उसे शादी के समय दिया गया रुपया व दहेज में दिए गए सामान दे रहे थे। लड़की अपने मायके उखड़ा चली गयी और अंडाल थाना में अर्चना ने अपने ससुराल वालों पर मामला दर्ज कराया। अंडाल थाना केस संख्या 268/21 के तहत अंडाल कोर्ट ने एसीजेएम के आदेश पर लड़की के पक्ष में दहेज में दिए गए सारे सामान को जब्त करने का आदेश दिया। कोर्ट आदेश का पालन करने को लेकर अंडाल पुलिस व कतरास पुलिस वहाँ पहुँचकर अलमारी,फ्रिज,बड़ी पेटी,पलंग, सीलिंग फैन,कुर्सी टेबल, व रजाई गद्दे को पिकअप वाहन में भरकर कतरास थाना ले आयी। कतरास थाना में कागजी कार्यवाही के बाद अंडाल पुलिस ने सारे सामान को अपने साथ ले गयी। इस दौरान लड़की व उसके माता पिता भी साथ में मौजूद थे। मोके पर अंडाल थाना के जमादार धर्मेंद्र पांडे, कतरास थाना के एएसआई सुरेन्द्र प्रसाद वर्मा के अलावे काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे।