जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनू प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सोनो में इन दिनों किसान यूरिया की किल्लत से जूझ रहे हैं। किसानों को यूरिया खाद नहीं मिल रहा है। इस समय धान की फसल के लिए खाद की बहुत जरूरत है, लिहाजा किसान खाद की दुकानों के चक्कर लगाने को मजबूर है। लेकिन आलम यह है कि कई दिनों तक चक्कर लगाने के बाद भी किसानों को खाद नहीं मिल पा रहा है।खाद दुकानों पर किसानों की भीड़ है लेकिन पर्याप्त मात्रा में यूरिया का स्टॉक उपलब्ध नहीं होने के कारण किसानों को ससमय यूरिया उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। ऐसे में अन्नदाता परेशान है। सरकार किसानों की आय दुगुनी करने की बात करती है, लेकिन समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से खेतों में रोपी गई धान की फसल भी प्रभावित हो रही है। किसानों का कहना है ऐसे में कैसे किसानों की आय बढ़ेगी। वहीं प्रखंड कृषि पदाधिकारी सूर्य देव महतो ने बताया कि प्रखंड में सरकारी दर पर यूरिया की बिक्री के लिए सात डीलरों को अधिकृत किया गया है। इनमें से सही ढंग से पांच डीलरों के द्वारा ही काम किया जा रहा है। सोमवार सुबह तक सभी डीलरों के पास यूरिया का स्टॉक उपलब्ध था, लेकिन डिमांड अधिक होने के कारण कई डीलरों के पास यूरिया का स्टॉक समाप्त हो गया। जिला कृषि पदाधिकारी से बात कर जल्द यूरिया का स्टॉक उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रखंड में यूरिया की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। वह खुद इस पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने किसान भाइयों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी दुकानदार द्वारा तय सरकारी दर 267 रुपये से अधिक पर यूरिया बेचा जा रहा है तो इसकी जानकारी दें, तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

