जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत थाना क्षेत्र के अमेठियाडीह गांव में कल गुरुवार को बाघ देखे जाने के बाद से बाघ की खोज में गुरुवार से शुरू हुआ सर्च अभियान शुक्रवार को भी जारी रहा लेकिन कहीं बाघ दिखाई नहीं पड़ा।लिहाजा ग्रामीण दहशत में हैं।पूरी रात ग्रामीण दहशत में रहे, हालांकि वन विभाग व पुलिस प्रशासन गांव में कैंप कर रही थी। गुरुवार शाम को माइकिंग कर ग्रामीणों को सचेत रहने की सलाह दी गई। लिहाजा ग्रामीणों ने पूरी रात एक साथ गांव के काली मंदिर में बिताया। गौरतलब हो कि गुरुवार की सुबह अमेठियाडीह गांव के बीच स्थित नंदलाल पांडेय के बंद घर की छत पर गांव के दो युवकों ने एक बाघ को देखा था। दोनों युवकों ने इसका वीडियो बनाते हुए ग्रामीणों को जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण दहशत में आ गए।
आनन-फानन में वन विभाग और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। वन विभाग के कर्मियों व पुलिस जवानों ने आसपास खोजबीन की, पर कुछ नहीं मिला। बंद घर के गृहस्वामी से संपर्क कर उन्हें बुलाया गया।गुरुवार शाम उसी जगह फिर बाघ दिखा।इसके बाद फिर से वन विभाग और प्रशासन को सूचना दी गई।रात भर सर्च अभियान चला पर कुछ नहीं मिला। शुक्रवार को गृह स्वामी के पहुंचने पर पुलिस प्रशासन व ग्रामीणों की मौजूदगी में बंद घर को खोला गया। घर सहित आसपास सर्च अभियान चलाया गया,पर कहीं कुछ नहीं मिला। ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त की है कि हो सकता कि रात के अंधेरे में झाड़ियों से बाघ गांव से बाहर निकल गया हो।