जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत थाना क्षेत्र के लोहा पंचायत के सुखासन के समीप मंगलवार देर शाम को बाइक दुर्घटना में एक अधेड़ की मौत हो गई, वहीं एक अन्य घायल हो गया। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के घोटारी के महेंद्र यादव (50) के रूप में हुई है। घायल पंचपहाड़ी का राम यादव है,
जिसे सामुदायिक स्वास्थ केंद्र सोनो से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमुई रेफर किया गया है। बताया जाता है कि मंगलवार शाम को मृतक महेंद्र यादव, राम यादव के साथ अपने लूना बाइक से सुखासन से अपने घर लौट रहा था।
इसी दौरान सुखासन के समीप उसकी लूना बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पुलिया से टकरा गई, जिससे वह पुलिया के नीचे गिर गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।वहीं राम यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस व परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे और घायल राम यादव को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनो भेजा, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमुई रेफर कर दिया गया। मृतक की लाश को आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।