जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चरकापत्थर थाना क्षेत्र के एसएसबी 16 वीं वाहिनी सी समवाय व चरकापत्थर और खैरा पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर चरकापत्थर थाना क्षेत्र के बरमोरिया से नौ वर्षों से फरार दो हार्डकोर नक्सली को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान सक्की यादव उर्फ साको यादव उर्फ शंकर यादव व किशुन यादव उर्फ कृष्णा यादव के रूप में हुई है।दोनों नक्सली आपस में सगे भाई हैं। सशस्त्र सीमा बल और जमुई पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अत्यधिक बरसात होने की वजह से दो नक्सली बरमोरिया गांव में एक घर में छिपे हुए हैं। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और सशस्त्र सीमा बल ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाकर दोनों नक्सली को गिरफ्तार किया है। छापेमारी अभियान में चरकापत्थर थानाध्यक्ष अभिनंदन कुमार, चरकापत्थर सशस्त्र सीमा बल के निरीक्षक रोहित कुमार सिंह, खैरा थाना के अवर निरीक्षक मृत्युंजय कुमार पंडित के अलावा जमुई पुलिस के जवान और सशस्त्र सीमा बल के जवान शामिल थे।गिरफ्तार दोनों नक्सली के ऊपर 2014 में हुए पुलिस नक्सली मुठभेड़ में शामिल होने का आरोप है, जिसको लेकर खैरा थाना में खैरा थाना कांड संख्या 24/14 में आई पी सी, विस्फोटक अधिनियम, यूएपीए तथा आर्म्स एक्ट सहित कई अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है।वहीं वर्ष 2014 में चिराग दा अपने पूरे दस्ते के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए इकट्ठा हुए थे, जिसमें सूचना मिलने पर पुलिस तथा सशस्त्र सशस्त्र सीमा बल ने छापेमारी की थी। उक्त छापेमारी में एक नक्सली तथा एक एके-47 तथा कई हथियार बरामद किए गया था। इस घटना में इन दोनों नक्सलियों की संलिप्तता सामने आई थी।