जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत स्कूली शिक्षा का बच्चों पर पड़नेवाले प्रभाव और उनके सीखने के स्तर को जानने के लिए प्रखंड के चयनित 32 सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों के तीसरी, छठी एवं नवमी कक्षा के विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार को राज्य शैक्षिक उपलब्धि सर्वेक्षण(एसइएएस) का आयोजन किया गया।इस सर्वेक्षण में प्रखंड के इन चयनित विद्यालयों के कुल 1290 बच्चों ने भाग लिया।सर्वेक्षण के दौरान विद्यार्थियों का शैक्षिक मूल्यांकन किया गया। सर्वेक्षण को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई थी। सर्वेक्षण के लिए 43 फील्ड इन्वेस्टिगेटर व ऑब्जर्वर प्रतिनियुक्त किया गया था। फील्ड इन्वेस्टिगेटर की देखरेख में शैक्षिक उपलब्धि सर्वेक्षण का कार्य पूरा किया गया। राज्य शैक्षिक उपलब्धि सर्वेक्षण में वर्ग 3, 6 और 9 के बच्चों ने भाग लिया। वर्ग 3 के बच्चों के लिए एक घंटे की परीक्षा हुई जिसमें गणित और लैंग्वेज के 40 प्रश्न पूछे गए। इसी प्रकार वर्ग 6 के बच्चों की सवा घंटे की परीक्षा हुई। इसमें 50 प्रश्न पूछे गए। वहीं नौवीं के बच्चों की डेढ़ घंटे की परीक्षा हुई इसमें 60 प्रश्न पूछे गए। प्रश्नपत्र बहुविकल्पीय थे और ओएमआर शीट के माध्यम से छात्रों ने परीक्षा दी। गौरतलब हो कि राज्य शैक्षिक उपलब्धि सर्वेक्षण एक स्कूल आधारित परीक्षा नहीं है। यह एक प्रणाली आधारित सर्वेक्षण है जिसमें स्कूली शिक्षा के बच्चों पर पड़नेवाले प्रभाव और उनके सीखने के स्तर का सर्वेक्षण होता है। दस साल में एक बार राज्य शैक्षिक उपलब्धि सर्वे किया जाता है। इसके आधार पर सरकार आगामी दस सालों का अकादमिक सुधार के लिए कार्य योजना तैयार करती है।सोनो में राज्य शैक्षिक उपलब्धि सर्वेक्षण के लिए 32 विद्यालयों का चयन किया गया था। इसमें सरकारी एवं गैर सरकारी दोनों स्तर के विद्यालय शामिल थे।