तांत्रिक चंदन शास्त्री समेत चार पर दुष्कर्म के प्रयास का लगा मुकदमा कभी भी हो सकता है गिरफ़्तारी





धनबाद जोड़ापोखर थाना क्षेत्र की एक महिला ने झरिया के प्रसिद्ध तांत्रिक चंदन शास्त्री, पूर्व पार्षद अनूप साव, व्यापारी रंजन साव, राकेश कुमार व मनोज साव पर दुष्कर्म का प्रयास करने व केस वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा शनिवार को न्यायालय में सीपी केस किया है। महिला का कहना है कि वर्ष 2021 में राकेश नामक युवक ने मेरे साथ मारपीट व छेड़खानी की थी।

उस दौरान जोड़ापोखर थाना में राकेश के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद न्यायालय से उसने बेल ले लिया था।

महिला ने कहा कि छह अगस्त को चारों ने मेरे घर में घुस कर केस वापस लेने को कहा। केस वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। विरोध करने पर दो लोगों ने मेरे साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। वहीं चंदन शास्त्री मेरा वीडियो बनाने लगा। कहा कि केस वापस नहीं लिया तो वीडियो इंटरनेट मीडिया पर डाल देंगे।


महिला ने कहा कि राकेश ने कई बार केस उठाने को लेकर धमकी दी है। थाना में शिकायत करने पहुंचते हैं तो पुलिस मेरा साथ नहीं दे रही है। वहीं मामले में चंदन शास्त्री ने कहा कि महिला को वह नहीं जानते हैं। पूर्व में महिला से कभी नहीं मिले हैं।

पूर्व पार्षद अनूप साव ने कहा कि बेबुनियाद आरोप है। महिला से पहले कभी नहीं मिले हैं। वहीं व्यापारी रंजन साव ने कहा कि भाई की हत्या के बाद न्याय की गुहार लगाने को लेकर उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। जबकि महिला से पूर्व में वे कभी मिले भी नहीं हैं। बताते चलें कि रंजन साव के भाई टायर शोरूम संचालक रंजीत साव की कुछ दिन पूर्व झरिया में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

वर्ष 2020 में तंत्र साधना करने के चक्कर में युवक ने की थी आत्महत्या

वर्ष 2020 में मुंगेर जिले के रहने वाले विनोद झा का शव ईको रेस्टोरेशन पार्क राजापुर में मिला था। जांच के दौरान तत्कालीन थाना प्रभारी पीके सिंह ने पाया था कि विनोद कई माह से मानसिक रूप से परेशान था। उस दौरान विनोद के दोस्तों ने उसे झरिया के तांत्रिक चंदन शास्त्री से मिलवाया था। चंदन शास्त्री ने एकांत जगह पर साधना करने की सलाह दी थी। इसके बाद विनोद ने उक्त पार्क में खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली थी।

Related posts