जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के चकाई प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर में पूर्व विधायक सह भाजपा नेता फाल्गुनी प्रसाद यादव की आठवीं पुण्यतिथि भाजपा प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में मनाई गई।मौके पर उपस्थित लोगों ने स्व फाल्गुनी प्रसाद यादव के तेल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।मौके पर भाजपा नेता सह प्रधानमंत्री जन कल्याणकारी योजना प्रचार प्रसार अभियान के प्रदेश महामंत्री रणजीत सिंह ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे हमेशा पार्टी के लिए समर्पित रहे। उन्होंने चार बार चकाई विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया तथा हमेशा इसके विकास के लिए प्रयासरत रहते थे।उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक हमारे अभिभावक थे। वह कहा करते थे कि सत्ता मेरे लिए साध्य नहीं बल्कि सेवा का एकमात्र साधन है।उनकी भरपाई कोई नहीं कर सकता। मौके पर सेवानिवृत्त शिक्षक सह विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष कामदेव दुबे ने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि फाल्गुनी प्रसाद यादव के जोड़ का नेता अब मिलना मुश्किल है। कार्यक्रम में दो मिनट का मौन रखकर उपस्थित लोगों ने भगवान से उनकी आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की। मौके पर भरत राय, प्रदीप वर्णवाल, जानकी यादव, सीताराम मालाकार, पंकज कुमार वर्णवाल, आचार्य निर्दोष कुमार सिंह, जितेंद्र प्रसाद सिंह, सुशील कुमार पांडेय, माधव राय आदि उपस्थित थे।