जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत लखनकियारी पंचायत में बीते दिनों थाना क्षेत्र के कोरिया में सर्पदंश से नित्यानंद यादव की मौत हो गई थी। बुधवार को चंदन सिंह फाउंडेशन के सदस्य पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और राशन सामग्री मुहैया कर मदद की। फाउंडेशन की ओर से पीड़ित परिवार को 60 किलोग्राम आटा, 15 लीटर रिफाइंड, 50 किलोग्राम आलू, एक किलोग्राम हल्दी, 5 किलोग्राम नमक दिया गया। सदस्यों ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अपनों को खोने का गम बहुत गहरा होता है। फाउंडेशन हमेशा पीड़ित परिवार के साथ रहेगा। गौरतलब हो कि विगत 10 जुलाई को कोरिया का नित्यानंद यादव बांस काटने के लिए गया था। इसी दौरान उसे किसी विषैले सांप ने काट लिया। वह बेहोश होकर वहीं गिरा था। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनो लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था।