कोलकाता से रांची आया बहत्तर सीटर प्राइवेट प्लेन



रांची : झारखंड की राजनीति में कब क्या होगा बताना काफी मुश्किल हो गया है। लेकिन पुख्ता सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार यानी आज यूपीए के कई विधायक रायपुर जाने की तैयारी कर रहे हैं। रायपुर जाने के लिए बकायदा एक प्राइवेट प्लेन बुक किया गया है। प्लेन 72 सीट वाला है। ये कोलकाता से उड़ान भर कर रांची पहुंचेगा और फिर रांची से रायपुर के लिए रवाना होगा। अगर यूपीए के प्लान में कोई परिवर्तन आता है तभी विधायक रायपुर नहीं जायेंगे। अगर प्लान में परिवर्तन नहीं होगा तो सारे विधायक आज देर शाम रायपुर पहुंच जायेंगे।

रायपुर में रिसॉर्ट बुक

मिल रही सूचना के अनुसार रायपुर में Mayfair गोल्फ रिसोर्ट में विधायकों के लिए कमरा बुक हो चुका है। रायपुर एसपी ने बाकायदा डेप्यूटेशन का पत्र भी जारी कर दिया है। दर्जनों अधिकारियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। फिलहाल 31 अगस्त तक के लिए कमरा बुक कराया गया है।
मुख्यमंत्री आवास में प्रवेश के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि फिलहाल हमें कुछ पता नहीं है , क्यों बुलाया गया है। बात होगी तब मालूम पड़ेगा। बन्ना गुप्ता ने कहा कि सरकार को अपदस्थ करने की साजिश रची जा रही है। भाजपा कि ये करस्तानी काला अध्याय के समान है। भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है। हमारी सरकार बहुत मज़बूत है और हम पूरी तरह से एकजुट हैं।

1 सितंबर को हेमंत कैबिनेट की बैठक

इसी बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 1 सितंबर को झारखंड कैबिनेट की बैठक बुलायी है। कहा जा रहा है कि दो दिनों तक रायपुर में रहने के बाद महागठबंधन का कुनबा 1 सितंबर को रांची वापस लौटेगा। शाम चार बजे कैबिनेट की बैठक होगी। इसके बाद फिर महागठबंधन के विधायकों की बैठक होगी और आगे की रणनीति तय की जायेगी। यदि इस बीच राज्यपाल का फैसला आ जाता है तो उसके हिसाब से रणनीति बनेगी यदि नहीं आता है तो फिर विधायकों को लेकर किसी अन्य जगह जाया जायेगा।

Related posts