जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत आज अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर राम भक्तों में उत्साह चरम पर है। मंदिरों की साफ सफाई से लेकर न्योता देने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में रविवार को सैकड़ो की संख्या में उत्साही राम भक्तों ने बाइक रैली निकाली। सनातन समिति पूर्वी भाग सोनो के नेतृत्व में निकाली गई यह बाइक रैली सह विशाल शोभायात्रा प्रखंड के लखनकियारी होते हुए पैरामटिहाना तक पहुंची।
इस दौरान सैकड़ो की तादाद में युवा हाथों में भगवा ध्वज लेकर बाइक पर जय श्री राम के नारे लगाते हुए चल रहे थे। भगवान श्रीराम के भजनों से उत्साह दोगुना हो रहा था। रैली देखने के लिए लोग सड़क के किनारे जमा हो गए। घर की छतों से भी रैली को देखते ही रामभक्त जयकारे लगा रहे थे। वहीं शोभा यात्रा के दौरान लोगों से आज अपने घरों पर दीपक जलाने की अपील की गई। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि अयोध्या मंडल, डा अवधेश कुमार निराला, समाज सेवी आनंद सिंह उर्फ गोलू सिंह सहित बड़ी संख्या में रामभक्त मौजूद रहे।