जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
जिले के सोनो प्रखंड के बेलम्बा पंचायत के सुदूरवर्ती गांव सिद्धेश्वरी में नवनिर्मित लाइफ केयर ओल्ड एज होम का उद्घाटन शुक्रवार को उप विकास आयुक्त जमुई सुमित कुमार ने फीता काटकर किया।
डीडीसी के वृद्धा आश्रम पहुंचने पर आदिवासी महिलाओं ने फूल माला पारंपरिक गीत,संगीत व नृत्य से उनका स्वागत किया। मौके पर उन्होंने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ी सेवा है।
इसके लिए हमें संकल्प लेने की जरूरत है। समाज के उपेक्षित बेसहारा लोगों की सहायता करना पुण्य का काम है।
उन्होंने वृद्धा आश्रम का निरीक्षण कर यहां दी जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया।
वृद्धा आश्रम के संचालक समाजसेवी डा एमएस परवाज ने बताया कि फिलहाल इस वृद्धा आश्रम में 50 बेड की व्यवस्था की गई है जिसमें महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग कमरे बने हैं।
यहां रहने वाले वृद्ध असहाय लोगों को भोजन, वस्त्र, आवास व चिकित्सा सुविधा निशुल्क मुहैया कराई जाएगी। मौके पर डॉ एस एन झा, डा रिंकी कुमारी, समाजसेवी भावानंद, ओंकार सिंह, एसआई रूबी कुमारी, मुखिया ग्यास अंसारी, शंभू रविदास सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।