मशीन की चपेट में आकर दो मजदूर की मौत गिरिडीह बालमुकुंद लौह फैक्ट्री की घटना प्रबंधन से परिजनों ने की मुआवजे की मांग



गिरिडीह। फैक्ट्री में काम करने के दौरान मशीन के बेल्ट में फंसकर दो मजदूर की मौत हो गई। घटना औधोगिक क्षेत्र चतरो में अवस्थित बालमुकुंद लौह फैक्ट्री की है। मरने वालों में तारा टांड थाना अंतर्गत फुलची का रहनेवाला 55 वर्षीय टेटू यादव एवं गांडेय के रकसकुटो का 57 वर्षीय कीनू तुरी शामिल है। मृतक के परिजनों ने प्रबंधन से मुआवजे की मांग की है। घटना शुक्रवार की रात की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक उपरोक्त मजदूर फैक्ट्री में बीती रात काम कर रहे थे तभी मशीन की बेल्ट की चपेट में आ गए। इस हादसे में दोनों के शरीर के कई हिस्से कट गए। परिजनों को शनिवार की सुबह हादसे की जानकारी मिली। मृतको के परिजन फैक्ट्री पहुँचकर काफी हंगामा भी किया। परिजनों के मुताबिक सुरक्षा व्यवस्था में चूक के कारण मजदूर की मौत हुई है। मृतक टेटू यादव के भतीजे सुरेश यादव ने बताया कि उनके चाचा 7 से 8 साल से फैक्ट्री में कार्यरत थे। कीनू तुरी के परिजन उमेश कुमार तुरी तथा बबलू तुरी ने भी प्रबंधन से मुआवजे की मांग की है। उनके मुताबिक प्रबंधन ने मुआवजे को लेकर आश्वस्त किया है। इस मामले में भाकपा माले ने संज्ञान लिया है। माले नेता राजेश यादव और राजेश सिन्हा का कहना है कि गिरिडीह के फैक्ट्रियों में आये दिन मजदूरों की मौत हो रही है। सुरक्षा में चूक इसकी प्रमुख वजह है। मुआवजा अपनी जगह है परंतु ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थानीय प्रशासन जनप्रतिनिधि को गम्भीर होने की जरूरत है। घटना की जांच होनी चाहिए। इस हादसे के लिए जिम्मेवार व्यक्ति पर कार्रवाई होनी चाहिए।

Related posts